Cough Syrup case : भोपाल। राजधानी भोपाल में 49,920 ऑनरेक्स कफ सिरप की बरामदगी से जुड़े मामले में फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी अर्जुन मालवीय उर्फ निखिल को मध्य प्रदेश एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर में छिपा हुआ था, लेकिन बैतूल पहुंचते ही एसटीएफ की टीम ने उसे दबोच लिया है।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। जैसे ही उसके बैतूल आने की जानकारी मिली, टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
अवैध कफ सिरप फैक्ट्री की जांच में सामने आया नाम
एसटीएफ के अनुसार गांधी नगर क्षेत्र में संचालित अवैध कफ सिरप फैक्ट्री के खुलासे के बाद जांच के दौरान अर्जुन मालवीय का नाम सामने आया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियां उसके संपर्कों, लोकेशन और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई थीं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
MP Monsoon 2026 : मध्य प्रदेश में अगले हफ्ते दस्तक देगा मानसून, 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
अर्जुन ट्रेडर्स के नाम पर लिया था ड्रग लाइसेंस
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बागसेवनिया स्थित सुरेंद्र पैलेस में अर्जुन ट्रेडर्स के नाम से ड्रग लाइसेंस लिया था। इसी लाइसेंस के जरिए ऑनरेक्स कफ सिरप की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।
एसटीएफ की जांच में पता चला कि जिस दुकान के नाम पर लाइसेंस लिया गया था, वह केवल औपचारिकता के लिए संचालित की जा रही थी। करीब 10 महीने पहले लाइसेंस हासिल करने के उद्देश्य से दुकान खोली गई थी, लेकिन जांच के दौरान वहां ऑनरेक्स कफ सिरप की एक भी शीशी नहीं मिली।
Bhopal Crime News : भोपाल में कलियासोत नदी में मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी
कागजों में वैध, जमीन पर संदिग्ध कारोबार
प्रारंभिक जांच में एसटीएफ को आशंका है कि ड्रग लाइसेंस का इस्तेमाल केवल कागजी रिकॉर्ड तैयार करने और अवैध सप्लाई को वैध दिखाने के लिए किया जा रहा था। इसी आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एसटीएफ अब उससे कफ सिरप सप्लाई नेटवर्क, सहयोगियों और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Sehore News : सीहोर के करोली माता मंदिर में चोरी, गर्भगृह में घुसे चोर दानपेटी काटकर ले गए नगदी