Raisen police achievement : रायसेन। रायसेन पुलिस ने एक बार फिर आम लोगों का भरोसा जीतते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। ‘ऑपरेशन ट्रैक एंड रिटर्न’ के तहत पुलिस ने 149 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। इन मोबाइल की कुल कीमत करीब 19.51 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम में मोबाइल लौटाने का कार्यक्रम
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने लोगों को उनके मोबाइल सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
CM Mohan Yadav : डेलनपुर में सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, डेयरी और प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा
एसपी आशुतोष गुप्ता ने कहा कि आज के समय में मोबाइल हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है, जिसमें बैंकिंग, पढ़ाई और रोजमर्रा के कई काम जुड़े होते हैं। ऐसे में मोबाइल खोना बड़ी परेशानी बन जाता है।
CEIR पोर्टल पर शिकायत करने की अपील
इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इससे मोबाइल ब्लॉक हो जाता है और उसका गलत इस्तेमाल नहीं हो पाता। साथ ही नजदीकी थाने में भी सूचना देना जरूरी है।
साइबर अपराध को लेकर जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ठग अक्सर बैंक अधिकारी बनकर कॉल करते हैं और ओटीपी या बैंक डिटेल मांगते हैं, जबकि बैंक कभी भी फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगता।
एसपी ने कहा कि रायसेन पुलिस साइबर सेल और सभी थानों के सहयोग से लगातार इस तरह के अभियान चला रही है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और साइबर अपराधों पर रोक लगाई जा सके।