CM Mohan Yadav: इंदौर। इंदौर के शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सीएम ने बच्चो को कर दिया सरप्राइज ! स्कूल के पहले दिन ही मुख्यमंत्री मोहन यादव अचानक कक्षा में पहुंच गए और बच्चो से किया सीधा संवाद। छुट्टी के बाद लौटे बच्चों के लिए यह किसी सरप्राइज से कम नहीं था और पूरा स्कूल खुशी से भर गया।
प्रवेशोत्सव के दौरान सीएम का दौरा
मध्यप्रदेश में इस समय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का दूसरा चरण चल रहा है। इसी दौरान मुख्यमंत्री स्कूल पहुंचे और सीधे छात्राओं के बीच जाकर उनसे बातचीत की। बच्चों ने भी बिना झिझक उनके सवालों के जवाब दिए और खुद भी उनसे सवाल पूछे।
लैब का निरीक्षण और छात्रों से संवाद
सीएम ने स्कूल की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और वहां चल रही पढ़ाई और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई और विज्ञान में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कई बच्चों को आशीर्वाद भी दिया।
शिक्षा व्यवस्था पर सीएम का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह के साथ हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा स्तर पर ड्रॉपआउट दर लगभग शून्य हो चुकी है और मध्यप्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सरकार के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के बाद शासकीय स्कूलों में नामांकन में करीब 19.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस बार कुल 1 करोड़ 45 लाख नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 369 सांदीपनि विद्यालयों के जरिए शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।