Bhopal Crime News : भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला जेके अस्पताल के पीछे बहने वाली कलियासोत नदी का है, जहां स्थानीय लोगों ने पानी में एक नवजात का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर आगे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Sehore News : सीहोर के करोली माता मंदिर में चोरी, गर्भगृह में घुसे चोर दानपेटी काटकर ले गए नगदी
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह नदी के पास मौजूद लोगों की नजर पानी में तैरती हुई एक वस्तु पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर पता चला कि वह नवजात शिशु का शव है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
एक-दो दिन पहले जन्म होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि नवजात का जन्म हाल ही में हुआ था। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और प्रसूति केंद्रों से जानकारी जुटा रही है।
घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
नवजात का शव मिलने की इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।