Latest

Smart Meter Protest : स्मार्ट मीटर के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, बिजली कंपनी के जेई को हटाने की मांग

Smart Meter Protest

Smart Meter Protest : हरदा। हरदा जिले की सिराली तहसील में सोमवार को ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल और बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) को हटाने की मांग भी उठाई। ग्रामीण बड़ी संख्या में जमा होकर बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंच गए और वहां घेराव करते हुए रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई हैं।

CM Mohan Yadav : गौ-संवर्धन से ग्रामीण समृद्धि की नई इबारत लिख रहा मध्य प्रदेश, सीएम मोहन यादव की पहल से मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था

स्मार्ट मीटर से बढ़ रहे बिजली बिल: ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली के बिल पहले की तुलना में काफी ज्यादा आने लगे हैं। उनका कहना है कि बढ़े हुए बिल उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ डाल रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रीपेड मीटर प्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस व्यवस्था में रिचार्ज खत्म होते ही बिजली कटने का डर बना रहता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जेई के व्यवहार पर भी उठाए सवाल

फुटकर व्यापारी संघ के जिलाध्यक्ष शेख असलम ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिल बढ़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जेई योगेश गौर का व्यवहार उपभोक्ताओं के प्रति ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें यहां से हटाया जाना चाहिए।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतें और मांगें बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी।

Bhopal Protest Today: अंडरवियर लेकर सड़क पर उतरे ऑटो चालक, बोले- बढ़ती महंगाई में गुजारा मुश्किल, किराया बढ़ाया जाए

जेई योगेश गौर ने बताया कि सिराली क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है और अधिकांश स्थानों पर मीटर लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की ओर से एक ज्ञापन दिया गया है, जिसमें गांव में स्मार्ट मीटर नहीं लगाने की मांग की गई है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कंपनी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही और जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *