Latest

Raisen Protest : रायसेन में पानी और बिजली की समस्या पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिलाओं ने हाईवे पर किया चक्का जाम

raisen protest

Raisen Protest : रायसेन। रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुक्तापुर में पेयजल और बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दे रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं खाली बर्तन लेकर भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर बैठ गईं और चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पानी के लिए रोजाना जूझ रहे ग्रामीण

दरअसल, ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है। खासकर महिलाओं को रोजाना कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

AIIMS Bhopal : AIIMS भोपाल में बड़ी लापरवाही, कैंसर पीड़ित 3 साल के मासूम को दवा की जगह लगा दिया फॉर्मेलिन

पानी की समस्या के साथ-साथ गांव में लगातार बिजली कटौती भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार रातभर बिजली नहीं रहती, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं। गर्मी के मौसम में हालात और भी कठिन हो गए हैं।

खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीण महिलाएं खाली बर्तन लेकर हाईवे पर पहुंच गईं और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की। चक्का जाम के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।

Harda Mandi Bhav : हरदा में मक्का के दामों में बड़ा उछाल, किसानों को मिल रहा बेहतर भाव

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही सलामतपुर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और सड़क से हट गए। इसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य हो सका।

ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द ही गांव में पानी और बिजली की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *