MP Transfer News: मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में तबादलों का सिलसिला अब थम गया है, लेकिन आखिरी दिन इसकी रफ्तार सबसे ज्यादा देखने को मिली। कई विभागों में देर रात तक तबादला आदेश जारी होते रहे। वहीं, कैबिनेट बैठक में तबादलों की अवधि बढ़ाने का मुद्दा भी उठा। शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसके पक्ष में नहीं थे, लेकिन तकनीकी कारणों से लंबित मामलों को देखते हुए आखिरकार सीमित राहत देने का फैसला किया गया।
कैबिनेट बैठक में उठा समय बढ़ाने का मुद्दा
मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने तबादलों की अवधि बढ़ाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि 1 से 15 जून तक मिला समय कई विभागों के लिए पर्याप्त नहीं रहा और बड़ी संख्या में प्रस्ताव अब भी लंबित हैं।
CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश में रोजगार और निवेश को मिलेगी रफ्तार, CM मोहन यादव का बड़ा बयान
हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ कहा कि सरकार पहले ही समय-सीमा तय कर चुकी है और प्रक्रिया नियमों के मुताबिक पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने शुरुआत में अवधि बढ़ाने से इनकार कर दिया।
तकनीकी कारणों से अटके कई तबादले
आखिरी दिन ई-ऑफिस और दूसरे ऑनलाइन सिस्टम पर अचानक बढ़े दबाव का असर भी देखने को मिला। कई विभागों में तबादला आदेश समय पर जारी नहीं हो सके। कई प्रस्तावों को मंत्रियों की मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते आदेश पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाए।
मंत्री इंदर सिंह परमार के आग्रह पर मिली राहत
बैठक के दौरान मंत्री इंदर सिंह परमार ने मुख्यमंत्री के सामने यह मुद्दा रखा। उन्होंने बताया कि हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों के आवेदन सिस्टम में लंबित हैं। कई मामलों में मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन तकनीकी वजहों से प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्थिति को देखते हुए राहत देने का फैसला किया और लंबित मामलों के लिए अतिरिक्त समय देने पर सहमति जताई।
Bhopal Rental Car Fraud : भोपाल में रेंटल कार घोटाले का खुलासा, 3.5 करोड़ की 26 गाड़ियां बरामद
16 जून की रात तक बढ़ाई गई समय-सीमा
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने समय-सीमा बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए। विभागों को 16 जून की रात 12 बजे तक लंबित तबादला आदेश जारी करने की अनुमति दी गई।
समय-सीमा बढ़ने के बाद सभी विभाग सक्रिय हो गए और देर रात तक बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए गए।अतिरिक्त समय मिलने के बाद प्रदेशभर में लंबित फाइलों का तेजी से निपटारा किया गया। कई विभागों ने देर रात तक तबादला सूचियां जारी कीं। इसके साथ ही इस साल का तबादला सत्र औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।