Fire Accident Bhopal : भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ रोड स्थित हलालपुरा इलाके में शुक्रवार तड़के एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही दुकान में रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें करीब 70 फीट तक ऊपर उठती दिखाई दीं और धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देती रही। राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
तड़के लगी आग, मच गया हड़कंप
जानकारी के अनुसार, हलालपुरा में सुंदर वन गार्डन के सामने स्थित सोनी पटाखा दुकान में शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने के कारण लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे आग और तेजी से फैलती गई। आग की तेज लपटों और धमाकों के कारण आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कई फायर स्टेशनों की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। लगातार फूट रहे पटाखों के बीच दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब साढ़े तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। सुबह करीब 7 बजे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ सकी।
दिन में होती घटना तो हो सकता था बड़ा हादसा
जिस दुकान में आग लगी, वह मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। दिन के समय इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक रहता है और सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन भी खड़े रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह आग दिन में लगती तो सड़क से गुजर रहे लोगों और आसपास खड़े वाहनों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। समय रात का होने के कारण जनहानि की आशंका काफी कम रही और एक बड़ा हादसा टल गया।
दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने के बाद पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान का सटीक आंकड़ा जांच के बाद ही सामने आएगा।
पटाखा मार्केट और पेट्रोल पंप के पास थी दुकान
जानकारी के मुताबिक हलालपुरा क्षेत्र में बड़ा पटाखा बाजार भी संचालित होता है। जिस दुकान में आग लगी, वह इस बाजार से कुछ ही दूरी पर स्थित थी। वहीं दुकान के पास पेट्रोल पंप भी मौजूद है। ऐसे में आग लगने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई थी। यदि आग आसपास के क्षेत्रों तक फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। दमकल विभाग की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
PM Kisan Samman Nidhi : किसानों को मिला मजबूत सहारा, कृषि क्षेत्र में हुए बड़े बदलाव
सुरक्षा के लिए सड़क बंद, बिजली सप्लाई भी रोकी गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। लगातार हो रहे धमाकों को देखते हुए सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया। पटाखों के टुकड़े और चिंगारियां सड़क तक पहुंच रही थीं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली कंपनी ने भी इलाके की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी, ताकि राहत और बचाव कार्य सुरक्षित तरीके से किया जा सके।
सुबह तक निकलता रहा धुआं
आग पर काबू पाने के बाद भी दुकान से सुबह तक धुआं निकलता रहा। दमकलकर्मी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी ताकि आग दोबारा न भड़क सके। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पटाखों से भरी दुकान में लगी आग ने एक बार फिर ऐसे व्यवसायों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।