Bhopal Crime News : भोपाल। राजधानी भोपाल के ग्रामीण इलाके में रहने वाली 33 वर्षीय महिला ने अपने ही भांजे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है।
पति की गैरमौजूदगी में घर में घुसने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मिसरोद क्षेत्र के एक गांव में अपने पति के साथ रहती है। महिला के पति सब्जी का व्यवसाय करते हैं और रोजाना मंडीदीप मंडी जाते हैं। महिला ने अपने बयान में आरोप लगाया कि 5 जून को पति के घर पर नहीं होने के दौरान आरोपी घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद भी आरोपी कई बार उसके घर पहुंचा और कथित रूप से गलत हरकतें करता रहा।
परिवार को बताई थी पूरी बात
पीड़िता का कहना है कि उसने घटना की जानकारी अपने पति और अन्य परिजनों को दी थी। हालांकि, उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला का आरोप है कि आरोपी को रोकने या समझाने का भी प्रयास नहीं किया गया।
मानसिक तनाव में उठाया बड़ा कदम
महिला ने बताया कि आरोपी की लगातार हरकतों और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी। इसी तनाव में उसने 9 जून को जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान महिला ने पुलिस और डॉक्टरों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
अस्पताल में दिए गए महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।