Latest

MP NEWS : एमपी में भगवान भरोसे स्वास्थ्य व्यवस्था, नशे में इमरजेंसी संभालते दिखे डॉक्टर, वीडियो वायरल

हाइलाइट्स 

  • गुना जिला अस्पताल की इमरजेंसी में नशे में ड्यूटी करते डॉक्टर का वीडियो वायरल

  • मरीज की पहचान और इलाज में लापरवाही का आरोप

  • वीडियो में डॉक्टर ने वीडियो बनाने वाले को ही समझ लिया मरीज

  • घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर को ड्यूटी से हटाया

MP NEWS : गुना।  मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुना जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात एक डॉक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर शराब के नशे में ड्यूटी करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि डॉक्टर की हालत इतनी खराब थी कि वे न तो मरीज की सही पहचान कर पा रहे थे और न ही इलाज से जुड़ी बुनियादी जानकारी दे सके।

रविवार देर रात की बताई जा रही घटना

यह मामला रविवार देर रात का बताया जा रहा है। उस समय जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर अजय सिंह राठौर ड्यूटी पर तैनात थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉक्टर की आवाज लड़खड़ा रही थी और वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। जब उन्हें मरीज का पर्चा दिखाया गया, तो वे उसे पढ़ने में भी असमर्थ नजर आए।

वीडियो बनाने वाले को ही समझ बैठे मरीज

वायरल वीडियो में स्थिति और भी चिंताजनक दिखाई देती है। जब डॉक्टर से पूछा गया कि मरीज कौन है, तो उन्होंने वीडियो बना रहे व्यक्ति को ही मरीज समझ लिया। इतना ही नहीं, बिना किसी जांच के उन्होंने यह कह दिया कि सामने खड़े व्यक्ति को दिल में जलन की समस्या है, जबकि वह मरीज था ही नहीं।

BHOPAL NEWS : ऑनलाइन टैक्सी सेवाओं पर ब्रेक, भोपाल में Ola, Uber, Rapido चालकों की हड़ताल

इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे डॉक्टर

सूत्रों के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त डॉक्टर अजय सिंह राठौर की इमरजेंसी विभाग में ड्यूटी लगी हुई थी। मामला सामने आते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को ड्यूटी से हटाकर घर भेज दिया। अस्पताल कर्मचारियों का कहना है कि डॉक्टर पहले भी नशे की हालत में ड्यूटी पर आते रहे हैं, लेकिन इस बार स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर थी।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल

इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील विभाग में यदि डॉक्टर ही नशे में हों, तो मरीजों की जान को सीधा खतरा हो सकता है।

MP NEWS : नर्मदापुरम हाईवे पर भीषण हादसा, नहर में समाई कार, तीन युवकों की मौके पर मौत

सख्त कार्रवाई की मांग, विभाग की चुप्पी

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग या जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।

MP NEWS : पुलिस आरक्षक भर्ती के फिजिकल टेस्ट के लिए 10 DIG बनाए गए परीक्षा केंद्र अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *