Betul news : बैतूल। बैतूल में अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में मंगलवार को फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।
रोजगार पर संकट का दावा
दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले 8 से 10 वर्षों से सड़क किनारे छोटी दुकानों और ठेलों के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। अब अभियान के तहत उनकी गुमटियां हटाई जा रही हैं, जिससे उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
वैकल्पिक स्थान पर उठाए सवाल
व्यापारियों ने प्रशासन द्वारा दिए जा रहे वैकल्पिक स्थान को अनुपयुक्त बताया। उनका कहना है कि वहां ग्राहकों की आवाजाही कम है, जिससे व्यापार प्रभावित होगा और आय में भारी गिरावट आएगी।
जेल के पास जगह देने की मांग
दुकानदारों ने मांग की है कि उन्हें जेल के पास स्थित स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति दी जाए, जैसा कि पहले आश्वासन दिया गया था। उनका कहना है कि यह व्यापार का सीजन है और उन्होंने उधार लेकर सामान खरीदा है, ऐसे में अभी दुकान हटाना नुकसानदायक होगा।
व्यापारियों का आरोप है कि सीएमओ द्वारा पहले 10 दिन का समय दिया गया था, लेकिन अगले ही दिन कार्रवाई शुरू कर दी गई। इससे उनमें नाराजगी है।
15 दिन की मोहलत की मांग
प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने प्रशासन से कम से कम 15 दिन की मोहलत देने और उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे अपने व्यवसाय को जारी रख सकें।