Raisen Accident : रायसेन। रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। हादसा ग्राम बेरुआ के पास हुआ, जहां बाइक और हार्वेस्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरा निवासी शाहेजहां अपने बेटे के साथ जैथारी इलाके में एक रिश्तेदार के घर गई थीं। सोमवार शाम दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बेरुआ के पास सामने से आ रहे हार्वेस्टर से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई।
हार्वेस्टर के नीचे जा घुसी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक हार्वेस्टर के नीचे जा फंसी। हादसे में शाहेजहां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका बेटा घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे के समय बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
घटना की सूचना मिलते ही जैथारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतका के शव को सिलवानी सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
Cough Syrup case : जयपुर में छिपा था कफ सिरप तस्करी का आरोपी, बैतूल पहुंचते ही STF ने दबोचा
पंजाब नंबर का बताया जा रहा हार्वेस्टर
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल हार्वेस्टर पंजाब नंबर का है। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।