Betul News : बैतूल, मध्य प्रदेश। बैतूल शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन ने पैदल चल रहे इंसान की जान ले ली। सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के भारत भारती काका ढाबे के पास 35 साल के सिद्धू साहू को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि सिद्धू दूर जा गिरे और उनका शरीर बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग दौड़े और घायल सिद्धू को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत देखते ही डॉक्टरों ने उन्हें सीधे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। पूरी कोशिश के बावजूद मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे सिद्धू ने दम तोड़ दिया।
मृतक सिद्धू पुत्र लक्ष्मण साहू, आबकारी ओझाढाना (बैतूल गंज) के रहने वाले थे। वे दिनभर कबाड़ बीनने का काम करते थे और उसी सिलसिले में सोमवार रात भी सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। परिवार में मां-बाप, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
Bhopal News : कोलार-बैरागढ़ में 155 करोड़ का नया सीवेज सिस्टम, CM मोहन यादव करेंगे भूमिपूजन
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक वाहन का कोई पता नहीं चल सका है। हिट एंड रन की यह घटना इलाके में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की एक और कड़ी बन गई है।
स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं कि भारत भारती ढाबा से लेकर बैतूल गंज तक स्ट्रीट लाइटें या तो खराब रहती हैं या हैं ही नहीं। रात में भारी वाहनों की रफ्तार भी बहुत तेज रहती है।
अंधेरे में पैदल चलने वालों को देख पाना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस इलाके में पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं, वरना ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं।