Deepika Gautam: भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस की इंस्पेक्टर दीपिका गौतम ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो फतह कर नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के साथ वह मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं, जिन्होंने इस विश्व प्रसिद्ध पर्वत पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है।
Raisen Accident : रायसेन में दर्दनाक सड़क हादसा, हार्वेस्टर से टकराई बाइक, महिला की मौत
आपको बता दें कि, दीपिका गौतम वर्तमान में भोपाल स्थित एससीआरबी (स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) मुख्यालय में पदस्थ हैं। उन्होंने 29 मई को तंजानिया स्थित करीब 5,895 मीटर ऊंचे माउंट किलिमंजारो की चोटी पर पहुंचकर यह उपलब्धि हासिल की। दिलचस्प बात तो यह रही कि इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में वह भारत की एकमात्र प्रतिभागी थीं।
नौकरी और जिम्मेदारियों के बीच पूरा किया सपना
दीपिका गौतम का कहना है कि नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अक्सर लोग अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने लक्ष्य को प्राथमिकता दी। उनका मानना है कि सपनों के बिना जीवन अधूरा होता है और यही सोच उन्हें इस चुनौतीपूर्ण अभियान तक लेकर गई।
पांच दिन तक चला कठिन अभियान
माउंट किलिमंजारो की चढ़ाई आसान नहीं थी। यह पांच दिन का कठिन अभियान था, जिसमें तीन बेस कैंप पार करने के बाद अंतिम चढ़ाई शुरू हुई। सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा रात के समय हुआ, जब तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
इसके अलावा मौसम भी लगातार बदल रहा था, जिससे अभियान और अधिक कठिन हो गया। तमाम चुनौतियों के बावजूद दीपिका ने हिम्मत नहीं हारी और आखिरकार शिखर तक पहुंचने में सफल रहीं।
Cough Syrup case : जयपुर में छिपा था कफ सिरप तस्करी का आरोपी, बैतूल पहुंचते ही STF ने दबोचा
पहले भी कर चुकी हैं कई ट्रेक
दीपिका गौतम का यह पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय पर्वत अभियान था, लेकिन एडवेंचर और ट्रेकिंग से उनका जुड़ाव पहले से रहा है। वह अमरनाथ और केदारनाथ जैसे कठिन धार्मिक ट्रेक कई बार पूरा कर चुकी हैं। उनका कहना है कि नई चुनौतियों को स्वीकार करना उनकी आदत है और वे खुद को एक मल्टीटास्किंग व्यक्ति मानती हैं।
किलिमंजारो फतह करने के बाद अब दीपिका गौतम का अगला लक्ष्य भी तय हो चुका है। हालांकि उन्होंने अभी अपने अगले अभियान का खुलासा नहीं किया है, लेकिन संकेत दिए हैं कि अगले साल वह विदेश में एक और बड़े पर्वत अभियान पर जा सकती हैं।
MP Monsoon 2026 : मध्य प्रदेश में अगले हफ्ते दस्तक देगा मानसून, 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट