हाइलाइट्स
- गादिया लुहार गांव कथा प्रसादी से फूड पॉयजनिंग।
- 20-25 लोग बीमार, 10+ अस्पताल भर्ती।
- बच्चे-युवक प्रभावित, दस्त-पेट जलन शिकायत।
Rajgarh Food Poisoning : राजगढ़, मध्य प्रदेश । खिलचीपुर थाना क्षेत्र के गादिया लुहार गांव में आयोजित धार्मिक कथा के बाद सामूहिक फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है। प्रसादी भोजन करने के कुछ घंटों बाद लोगों को पेट में जलन और लगातार दस्त की शिकायत हुई। सोमवार रात हालत बिगड़ने पर 10 से अधिक लोगों को खिलचीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
बीमारों में बच्चे और युवक शामिल हैं। प्रभावित लोग गादिया लुहार के अलावा छीपीपुरा और नेगडिया गांव के भी हैं। नेगडिया गांव में अकेले 20-25 लोग बीमार बताए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है। डॉक्टरों ने कहा कि सभी की हालत स्थिर है।
एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए मरीज
नेगडिया गांव में युवकों और बच्चों की तबीयत खराब होने पर ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। पांच एम्बुलेंस गांव पहुंचीं। ईएमटी राजेश दांगी, श्रीनाथ दांगी, दिनेश दांगी, रामलाल तंवर और पायलट भंवरलाल, लव कुमार, भारत दांगी, सज्जन सौंधिया व गोविंद परिहार की टीम ने मरीजों को अस्पताल पहुंचाया।
भर्ती मरीजों में सोनू तंवर (14), उर्मिला तंवर (11), दुलीचंद तंवर (25), राकेश तंवर (16), बलवंत तंवर (8), लखन तंवर (19), बबलू तंवर (17), हरिसिंह तंवर (17), रामबाबु तंवर (21) और निलेश तंवर (9) शामिल हैं।
डॉक्टरों ने कही ये बात
खिलचीपुर अस्पताल के डॉ. विशाल सिसोदिया ने बताया कि रात में करीब 12 मरीज लाए गए। सभी को दस्त और पेट में जलन की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर है और निगरानी में रखा गया है। नेगडिया गांव के दुलीचंद तंवर ने कहा कि कथा प्रसादी के बाद गांव में 20-25 लोग बीमार हुए।
प्रसादी भोजन से फूड पॉयजनिंग की आशंका
स्वास्थ्य विभाग ने प्रसादी भोजन से फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई है। कारणों की जांच चल रही है। ऐसे आयोजनों में भोजन की सफाई पर ध्यान देने की जरूरत है। विभाग ने गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। यह घटना धार्मिक आयोजनों में भोजन सुरक्षा पर सवाल उठा रही है। प्रशासन से अपील है कि जांच जल्द पूरी हो और दोषियों पर कार्रवाई हो।