हाईलाइट्स
- सीहोर में 24 घंटे में भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलें तबाह
- खड़ी और कटी दोनों तरह की गेहूं की फसल को नुकसान
- किसानों का आरोप एक बारिश ने सालभर की मेहनत बर्बाद कर दी
- खरीदी शुरू न होने से बढ़ी परेशानी, सरकार से राहत की मांग
Sehore News : सीहोर। जिले में बीते 24 घंटों के दौरान हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। सीहोर में 20 एमएम, इछावर में 5 एमएम और भेरूंदा में 12 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिससे खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसलें खराब हो गईं।
दर्जनों गांवों में फसल तबाह
जिले के कई गांवों में हुई तेज ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसलें अचानक आई बारिश और ओलों से बर्बाद हो गईं। वहीं, जिन किसानों ने फसल काटकर रखी थी, वह भी भीगकर खराब हो गई।
रामाखेड़ी के किसान राजेश मेवाड़ा ने बताया कि उनकी तीन एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि एक ही बारिश ने पूरे साल की मेहनत खत्म कर दी। इसी तरह मोतीलाल मेवाड़ा सहित कई अन्य किसानों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
RTE Lottery 2026 : आज खुलेगी RTE लॉटरी, 1.22 लाख सीटों पर होगा एडमिशन, SMS से मिलेगी जानकारी
खरीदी शुरू न होने से बढ़ी परेशानी
किसानों की मुश्किलें इस बात से और बढ़ गई हैं कि अभी तक समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी शुरू नहीं हुई है। खेतों और घरों में रखा अनाज लगातार खराब हो रहा है, जिससे आर्थिक संकट गहरा रहा है।
क्षेत्र के किसान एमएस मेवाड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद शिवराज सिंह चौहान से जल्द खरीदी शुरू करने की मांग की है। साथ ही नुकसान का सर्वे कर आरबीसी 64 के तहत राहत राशि और फसल बीमा का लाभ दिलाने की भी अपील की है, ताकि किसानों को इस संकट से राहत मिल सके।