हाइलाइट्स
- खेतों में तेंदुए की दहशत से रातभर जागते रहे किसान।
- ग्रामीणों के तेंदुए के पंजों के स्पष्ट निशान खेतो में देखे।
- वन विभाग की चुप्पी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा।
Sehore Leopard Sighted : सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रातापानी अभयारण्य से निकले तेंदुए का मूवमेंट अब शहर के बहुत करीब पहुंच गया है। जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम चंदेरी और महुआखेड़ी में तेंदुए की मौजूदगी देखी गई है। इससे आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। किसान रातभर खेतों में पहरा दे रहे हैं और फसलें छोड़ने को मजबूर हैं।
खेत में घूमते तेंदुए का वीडियो
एक किसान ने तेंदुए को खेत में घूमते हुए वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखते ही ग्रामीणों को अहसास हुआ कि तेंदुआ उनके गांवों और खेतों के आसपास ही केंद्रित है।
खेतों में तेंदुए के पंजों के स्पष्ट निशान मिले हैं, जो दहशत को और बढ़ा रहे हैं। किसान दिन में भी खेतों में जाने से डर रहे हैं और रात में फसल की रखवाली के लिए जागते रहते हैं।
Bhopal Murder Case : तीखी बहस के बाद पति ने की पत्नी की हत्या, गले पर मिले उंगलियों के निशान
वन विभाग अधिकारियों की चुप्पी
ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, लेकिन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रेंजर दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया और विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अभयारण्य से निकलकर आबादी के करीब पहुंच रहा है, लेकिन वन विभाग समय पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा।
सीहोर के कई गांवों में तेंदुए की दहशत
रातापानी अभयारण्य (अब टाइगर रिजर्व) में तेंदुओं की अच्छी संख्या है। यहां 150 से ज्यादा तेंदुए बताए जाते हैं। अभयारण्य भोपाल और सीहोर जिलों में फैला है, इसलिए तेंदुए अक्सर बाहरी इलाकों में निकल आते हैं। पिछले कुछ समय में भी सीहोर के कई गांवों जैसे ताकीपुर, पिपलिया मीरा में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई है।
वन विभाग ने अभी तक इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। ग्रामीणों की मांग है कि तेंदुए को वापस अभयारण्य में छोड़ा जाए और खेतों-गांवों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।