Gwalior Fraud Delivery Case : ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डिलीवरी बॉय 28 पार्सल लेकर गायब हो गया और बाद में जांच में बड़ा धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। कंपनी के अनुसार, पार्सलों में रखे 7 आईफोन की जगह पत्थर पाए गए हैं।
28 पार्सल लेकर निकला और गायब हो गया
इंस्टाकार्ट कंपनी का डिलीवरी बॉय ध्रुव सेम 21 जनवरी को सुबह 8 बजे सिल्वर एस्टेट स्थित ऑफिस से 28 पार्सल लेकर निकला था। लेकिन वह शाम तक वापस नहीं लौटा और तब से लापता है।
ऑफिस में मिला बैग, लेकिन शिपमेंट में गड़बड़ी
कंपनी के अनुसार, उसी दिन जांच में पता चला कि डिलीवरी बॉय ने ऑफिस में अपना बैग और कुछ शिपमेंट छोड़ दिया था। जब पार्सल की जांच की गई तो 28 में से 16 पार्सल डिलीवर पाए गए, 5 पार्सल सही मिले, लेकिन 7 पार्सल में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया।
7 पार्सल में आईफोन की जगह निकले पत्थर
जांच में सामने आया कि जिन पार्सलों में एपल के आईफोन होने थे, उनमें असली मोबाइल की जगह पत्थर भरे हुए थे। इन 7 आईफोन की कीमत करीब 10 से 11 लाख रुपये बताई जा रही है।
कंपनी ने दर्ज कराया धोखाधड़ी का केस
कंपनी के टीम लीडर राजकुमार शर्मा के मुताबिक, घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई थी। काफी तलाश के बाद भी डिलीवरी बॉय का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद क्राइम ब्रांच में 16 अप्रैल को उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया।
3 महीने से लापता डिलीवरी बॉय
ध्रुव सेम घटना के बाद से ही लगभग तीन महीने से लापता है। पुलिस और कंपनी दोनों ही उसकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
कंपनी और पुलिस मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज और डिलीवरी रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पार्सल में गड़बड़ी कब और कैसे हुई।