MP Wheat Procurement : भोपाल। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। किसानों की सुविधा को देखते हुए सरकार ने स्लॉट बुकिंग की अवधि को 6 दिन बढ़ा दिया है। अब किसान 30 अप्रैल तक अपनी सुविधा अनुसार स्लॉट बुक कर सकेंगे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इस निर्णय से अधिक से अधिक किसान अपनी उपज आसानी से बेच सकेंगे और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उपार्जन और भुगतान की स्थिति
प्रदेश में गेहूं खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। अब तक 1,30,655 किसानों से 57,13,640 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज के बदले में 355 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है।
वर्तमान में 4,22,848 किसानों ने करीब 1.82 करोड़ क्विंटल गेहूं बेचने के लिए स्लॉट बुक कर लिए हैं।
उपार्जन केंद्रों की क्षमता बढ़ाई गई
गेहूं खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए सरकार ने उपार्जन केंद्रों की क्षमता में भी वृद्धि की है। अब प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन स्लॉट बुकिंग क्षमता 1,000 क्विंटल से बढ़ाकर 1,500 क्विंटल कर दी गई है। इससे किसानों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और तौल कार्य तेजी से पूरा होगा।
रिकॉर्ड किसानों का पंजीयन
इस वर्ष गेहूं उपार्जन के लिए प्रदेश में रिकॉर्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है।
विगत वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया था, जबकि इस वर्ष सरकार ने 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा है, जो पिछले वर्ष से अधिक है।
सरकार का कहना है कि किसानों को समय पर भुगतान, बेहतर व्यवस्था और बिना परेशानी के उपार्जन सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।