Akshaya Tritiya 2026 : रायसेन। अक्षय तृतीया के पावन पर्व को लेकर रायसेन में इस बार धार्मिक आस्था, उत्साह और प्रशासनिक सतर्कता का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। एक ओर भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी ओर बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ गई है।
परशुराम जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा
सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में 19 अप्रैल को भगवान परशुराम जी का प्राकट्य उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 8 बजे हनुमान मंदिर गंजबाजार से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री रामपुर मंदिर रामनगर पहुंचेगी।
आयोजकों ने समाज के सभी विप्र बंधुओं से परिवार सहित शामिल होकर कार्यक्रम को भव्य बनाने की अपील की है।
Sehore Murder Case : सीहोर में बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या, घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप
बाजारों में बढ़ी रौनक
अक्षय तृतीया और विवाह मुहूर्त के चलते रायसेन के बाजारों में इन दिनों खासा उत्साह देखा जा रहा है। कपड़ा, साड़ी और ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। व्यापारियों को इस सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट
अक्षय तृतीया पर संभावित बाल विवाह मामलों को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने अधिकारियों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं और जिले में विशेष टीमों का गठन किया गया है।
विकासखंड स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में कोर ग्रुप और उड़न दस्ते बनाए गए हैं, जिनमें पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन सक्रिय
जिला मुख्यालय स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। बाल विवाह से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए चाइल्ड लाइन 1098, डायल 112 और महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 21 वर्ष से कम आयु के लड़के और 18 वर्ष से कम आयु की लड़की का विवाह कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।