Narmadapuram News : नर्मदापुरम। शहर के ग्वालटोली इलाके में स्थित किरण होटल के ठीक सामने बुधवार रात सड़क पर गुंडों का उत्पात देखने को मिला। दो गुटों के 8-10 युवकों ने बीच सड़क पर एक-दूसरे को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। यह खूनी खेल करीब 15-20 मिनट तक चलता रहा।
इस दौरान पूरी सड़क जाम हो गई और वाहन चालक परेशान होते रहे। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस को सूचना मिली, लेकिन मौके पर पहुंचते-पहुंचते सभी उपद्रवी फरार हो चुके थे।
लड़कियां बनीं फरिश्ता बीच-बचाव करती रहीं
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक गुट के युवक दूसरे गुट के दो युवकों को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं। थप्पड़, लात और मुक्कों की बौछार लगातार चल रही है। पीड़ित युवक सड़क पर गिरकर तड़पते नजर आ रहे हैं।
इसी बीच वहां मौजूद दो लड़कियां आगे बढ़ीं और हमलावरों को रोकने की कोशिश की। उन्होंने पीड़ितों को बचाने के लिए खुद को बीच में डाल दिया। लड़कियां बार-बार चिल्लाती रहीं, “बस करो, मारोगे क्या?” लेकिन गुस्साए युवक गाली-गलौज करते रहे और मारपीट नहीं रुकी।
सड़क बनी रणक्षेत्र लोग बनाते रहे वीडियो
मारपीट के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। रिक्शा, बाइक और कार सवार इंतजार करते रहे, लेकिन कोई हिम्मत नहीं जुटा पाया कि बीच-बचाव करे। उल्टे कई लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दुकानदारों ने शटर डाउन कर लिए। रात के समय होने से आसपास के लोग घरों में दुबक गए।
PhonePe में आ गया ChatGPT! अब पेमेंट के साथ AI चैट, 50 करोड़ यूजर्स के लिए फ्री
पुलिस पहुंची लेकिन हाथ खाली रहे
कोतवाली थाना प्रभारी टीआई कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई, लेकिन तब तक सभी युवक भाग चुके थे। न तो कोई घायल मिला, न ही कोई गवाह। टीआई ने कहा, “हमें अभी तक विवाद की वजह पता नहीं चल पाई है। न तो किसी ने शिकायत की है और न ही कोई पीड़ित सामने आया है।”
MP AYUSH Stray Vacancy Round 2025 : 13 से 15 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन, 1500+ सीटें अभी भी खाली
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोग इसे गुंडागर्दी की नई मिसाल बता रहे हैं। उनका कहना है कि रात के समय शहर में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।