Raisen News : रायसेन। रायसेन जिले के देवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सांचेत में बुधवार देर रात एक बाबा की पत्नी को शरण देने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में बाबा समेत दोनों पक्षों के लगभग 5 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, खुद को काल भैरव का साधक बताने वाले नानक देव उर्फ सुनील सराठे का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी गांव के ही ममतेश विश्वकर्मा के घर पहुंच गई थी। इसी बात को लेकर बाबा ने आपत्ति जताई, जिसके बाद बुधवार देर रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और मामला मारपीट में बदल गया।
लाठी-डंडों से हमला
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस घटना में बाबा नानक देव, ममतेश विश्वकर्मा के पिता रामप्रसाद विश्वकर्मा (50) सहित दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल ममतेश विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि बाबा अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। वहीं बाबा पक्ष का कहना है कि उनके साथ मारपीट की गई और पत्नी को शरण देने के बाद विवाद को जानबूझकर बढ़ाया गया।
घटना के बाद दोनों पक्ष जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस घायलों के बयान दर्ज करती रही। इसी दौरान अस्पताल परिसर में भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के लोगों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें देखी गईं।
देवनगर थाना प्रभारी हरिओम आस्तया ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।