Burhanpur Fire News : बुरहानपुर। शहर के लोहार मंडी गेट क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक तीन मंजिला रस्सी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
तेजी से फैली आग, दूर-दूर तक दिखा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के मकानों में रह रहे लोगों को तत्काल घरों से बाहर निकालना पड़ा। गोदाम में रखी रस्सियों और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
फायर ब्रिगेड की देरी पर लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
राहत और बचाव कार्य में आई मुश्किलें
तीन मंजिला इमारत होने के कारण आग धीरे-धीरे ऊपरी हिस्सों तक फैलती गई, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि, समय रहते आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गणपति थाना पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीम आग बुझाने और नुकसान का आंकलन करने में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
CM Mohan Yadav: सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा फैसला, मध्यप्रदेश में बनेंगी 5 हजार क्षमता वाली गौशालाएं