Crime News today : भोपाल। भोपाल के सोनागिरी इलाके में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना में व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया सोनागिरी की झुग्गी बस्ती में रहता था और ड्राइवरी का काम करता था। उसकी पत्नी की करीब पांच साल पहले मौत हो चुकी थी। मोहल्ले में रहने वाली कल्पना नाम की महिला पिछले कुछ समय से उसके साथ रह रही थी।
विवाद के बाद हुई घटना
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान लक्ष्मण ने महिला पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के दौरान वहां मौजूद एक राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आसपास मौजूद लोग पुलिस को सूचना देने की बात करते सुनाई दे रहे हैं।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि लक्ष्मण महिला के चरित्र पर शक करता था, जिसको लेकर अक्सर झगड़े होते थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।