Bhopal Fire News : भोपाल। भोपाल के पुराने शहर स्थित लक्ष्मी टॉकीज इलाके में शुक्रवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सराए के पास खड़े फल के ठेलों में लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक Atif Aqeel भी मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की व्यवस्था संभाली।
दमकल पहुंचने से पहले शुरू हुआ राहत कार्य
आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग आग पर काबू पाने में जुट गए। बताया जा रहा है कि जिस सराए में आग लगी, वहीं फल से भरे कई ठेले खड़े थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए।
आगजनी के दौरान ठेलों के टायर फटने लगे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। लोगों ने तुरंत ठेलों को बाहर निकालना शुरू किया ताकि आग आसपास न फैले। इस दौरान कुछ लोगों के हाथ भी झुलस गए।
बड़ा हादसा टला
घटनास्थल के पास कई वाहन भी खड़े थे। आग बढ़ती देख लोगों ने तुरंत गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर हटाया। स्थानीय लोगों की तत्परता और बाद में पहुंची दमकल टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि आग में फल के ठेलों का नुकसान हुआ है, लेकिन समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
Murder Case : अनूपपुर में डबल मर्डर से सनसनी, युवक और महिला की धारदार हथियार से हत्या