Murder Case : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शुक्रवार सुबह डबल मर्डर की वारदात सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। नगर पालिका बिजुरी के वार्ड क्रमांक 7 में एक युवक और महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक का शव सड़क किनारे मिला, जबकि महिला की लाश उसके घर के अंदर खून से लथपथ हालत में बरामद हुई।
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय सुरेंद्र सोनी और 45 वर्षीय लल्ली बाई गोंड के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि वारदात गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को अंजाम दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले में टांगी या कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। सुरेंद्र सोनी के सिर, पीठ और पैर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सुरेंद्र की बहन नेहा सोनी ने सड़क किनारे शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि सुरेंद्र सोनी और लल्ली बाई के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। पुलिस फिलहाल इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि हत्या करने वाला व्यक्ति अभी अज्ञात है। मामले की जांच के लिए दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
लल्ली बाई विधवा थीं और उनका बेटा ट्रक ड्राइवर बताया जा रहा है, जो दो दिन पहले काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। वहीं बहू मायके गई हुई थी और घटना की सूचना मिलने के बाद वापस लौटी।
मृतक सुरेंद्र सोनी के नाना जगदीश सोनी ने आशंका जताई कि वारदात के समय लल्ली बाई के घर पर कुछ लोग मौजूद थे। उनके मुताबिक सुरेंद्र रात में शराब पीकर घर लौटा था और कुछ देर बाद बाहर चला गया। इसके बाद “मार डालो-मार डालो” जैसी आवाजें सुनाई दीं।
Water Crisis India : खेड़ीसावलीगढ़ में गहराया जल संकट, एक हफ्ते से ठप नल-जल योजना
घटना के बाद परिवार में आक्रोश है। सुरेंद्र की बहन नेहा सोनी ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजने से इनकार करते हुए कहा कि जब तक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक शव नहीं ले जाने दिया जाएगा।
स्थानीय वार्ड पार्षद विमला पटेल ने भी मामले में बाहरी लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।