Anganwadi Worker Suicide : भोपाल। भोपाल के कजलीखेड़ा क्षेत्र में रहने वाली 48 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ओमवती मीणा का शव थुआखेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मिला। शुक्रवार शाम को उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सहकर्मी के लौटने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।
सुसाइड नोट में पति पर गंभीर आरोप
मौके से मिली डायरी के दो पन्नों में लिखे सुसाइड नोट में महिला ने अपने पति पर प्रताड़ना और मानसिक दबाव डालने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा कि पति ने दूसरी शादी कर ली, उनसे कोई संबंध नहीं रखा और उनके नाम पर कार फाइनेंस कराकर आर्थिक बोझ भी डाला।
परिजनों ने पुलिस को सौंपा नोट
शनिवार को परिजनों ने सुसाइड नोट पुलिस को सौंप दिया। महिला ने अपने बेटे और बहू के हक की बात करते हुए पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी मौत के लिए पति को जिम्मेदार ठहराया है।
परिवार का आरोप- प्रताड़ना से थीं परेशान
मृतका के परिजनों का कहना है कि पति की लगातार प्रताड़ना और धमकियों के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं। बताया गया कि दोनों कई सालों से अलग रह रहे थे, लेकिन इसके बावजूद पति उन्हें परेशान करता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऐसी घटनाएं मानसिक तनाव और पारिवारिक विवादों की गंभीरता को दिखाती हैं। किसी भी प्रकार की परेशानी या दबाव की स्थिति में मदद लेना बेहद जरूरी है परिजन, मित्र या स्थानीय सहायता सेवाओं से संपर्क करना जीवन बचा सकता है।
Missing Children : बैतूल में ‘मुस्कान अभियान’ की बड़ी सफलता: 34 नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद