Missing Children : बैतूल। बैतूल पुलिस ने ‘मुस्कान अभियान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 34 गुमशुदा नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद किया है। अप्रैल माह में चलाए गए इस अभियान के दौरान इन बच्चों को खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया गया।
7 राज्यों से वापस लाए गए बच्चे
पुलिस के अनुसार, जिले में दर्ज 68 गुमशुदगी प्रकरणों में से इन बच्चों को गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, दिल्ली और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से तलाश कर वापस लाया गया। इस पूरी कार्रवाई में अंतरराज्यीय समन्वय और तकनीकी विश्लेषण की अहम भूमिका रही।
18 थानों की टीम लगातार रही सक्रिय
अभियान के दौरान जिले के 18 थानों की पुलिस टीमों ने अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए। संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ काम करते हुए पुलिस ने कम समय में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
एसपी ने टीम को सराहा
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने इस सफलता पर सभी टीमों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि बाकी गुमशुदा बच्चों की तलाश भी तेजी से जारी है और जल्द ही सभी को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
आम लोगों से सहयोग की अपील
एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। साथ ही बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।