Bhopal Double Murder: भोपाल। भोपाल के ऐशबाग स्थित आंबेडकर कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुरुआती जांच में प्रॉपर्टी विवाद और सुपारी देकर हत्या कराने की आशंका जताई जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और ऑनलाइन पेमेंट से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
तीन लोगों से लंबी पूछताछ, मोबाइल डेटा खंगाला
जानकारी के तहत, पुलिस ने मृतका के भाई विनोद बारीक, उनके समधी मोरिस सोलोमन और उनके बेटे से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की गई। तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच की गई। फिर पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन पुलिस ने अभी किसी को पूरी तरह संदेह से बाहर नहीं रखा है। तकनीकी जांच अभी भी चल रही है।
किराएदार के गायब होने से बढ़ा शक
जांच में सामने आया कि दंपती के मकान में रहने वाला एक किराएदार वारदात से चार दिन पहले अचानक गायब हो गया था। और उसका सामान अब भी मकान में रखा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मान रही है कि उससे पूछताछ करने से मामले में अहम जानकारी मिल सकती है।
सीसीटीवी और ऑनलाइन पेमेंट से मिला सुराग
इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध रेनकोट और ग्लव्स पहने दिखाई दिए हैं। जांच के दौरान एक शराब दुकान की फुटेज भी मिली, जिसमें संदिग्ध हुलिए का युवक ऑनलाइन पेमेंट कर शराब खरीदता नजर आया है। इसी डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
एसआईटी कर रही हर एंगल से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय एसआईटी बनाई है। टीम सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल सबूत और गवाहों के बयानों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।