Bhopal Mystery : भोपाल | भोपाल के गुनगा इलाके में 13 दिनों से लापता कारोबारी का शव बुधवार को एक पानी से भरे गड्ढे से बरामद किया गया। मृतक की पहचान देवेंद्र मेहरा (40) के रूप में हुई है, जो लांबाखेड़ा क्षेत्र में रहते थे और शहर में लेडीज पर्स की दुकान संचालित करते थे।
17 अप्रैल से थे लापता
परिजनों के मुताबिक, देवेंद्र 17 अप्रैल की सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि वे गुटखा लेकर लौटेंगे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट ईंटखेड़ी थाने में दर्ज कराई गई थी।
Narmadapuram News today : कुत्ते के लिए हमदर्दी दिखाना पड़ा भारी, दुकानदार की बेरहमी से पिटाई
ताऊ के खेत में मिली थी आखिरी लोकेशन
पुलिस जांच में देवेंद्र की आखिरी लोकेशन बैरसिया रोड स्थित उनके ताऊ के खेत में मिली थी। बुधवार सुबह परिजनों ने उसी खेत में तलाश की, जहां एक गड्ढे में उनका शव मिला। शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिसकी पहचान कपड़ों, मोबाइल और चप्पलों के आधार पर की गई।
कॉल डिटेल से रिश्तेदारों पर शक
परिजनों ने बताया कि देवेंद्र की आखिरी कॉल उनके करीबी रिश्तेदारों एक महिला और ताऊ के बेटों से हुई थी। कॉल डिटेल के आधार पर इन रिश्तेदारों पर संदेह जताया जा रहा है।
भाई-भाभी समेत तीन पर हत्या का शक
मृतक के परिजनों ने मनोज मेहरा, कालूराम और मीराबाई पर हत्या का शक जताया है। आरोप है कि तीनों से आखिरी बार बात हुई थी, लेकिन वे इस बात से इनकार कर रहे हैं। घटना के बाद से तीनों का व्यवहार भी संदिग्ध बताया जा रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासा संभव
पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।