census 2026 scam alert : भोपाल। देशभर में चल रही जनगणना प्रक्रिया के बीच भोपाल प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। साथ ही साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सही जानकारी देना नागरिकों की जिम्मेदारी है, लेकिन किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहना उतना ही जरूरी है।
सही जानकारी दें, सहयोग करें
भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना के दौरान सही और पूरी जानकारी दें, ताकि सरकार बेहतर योजनाएं बना सके। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
women reservation bill : महिला आरक्षण को लेकर तेज हुई सियासत, 26 अप्रैल को कांग्रेस का पैदल मार्च
साइबर ठगों की नजर जनगणना पर
जनगणना जैसे बड़े अभियान के दौरान साइबर अपराधी भी सक्रिय हो जाते हैं। पहले भी ऐसे कई मौके आए हैं जब ठगों ने बड़े घटनाक्रमों का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बनाया है।
कोरोना काल में वैक्सीन और ऑक्सीजन के नाम पर, आतंकी हमलों के बाद मदद के नाम पर और अन्य संकट के समय OTP और फर्जी लिंक के जरिए लोगों से ठगी की गई थी। अब जनगणना को भी इसी तरह इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
OTP और APK फाइल से हो सकता है बड़ा नुकसान
साइबर ठग खुद को जनगणना अधिकारी बताकर लोगों से OTP, आधार नंबर, बैंक डिटेल या मोबाइल पर APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कह सकते हैं।
जैसे ही कोई व्यक्ति ऐसी फाइल डाउनलोड करता है, ठग उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेते हैं और बैंक खातों से पैसे निकाल सकते हैं।
क्राइम ब्रांच जल्द जारी करेगी एडवाइजरी
भोपाल क्राइम ब्रांच इस खतरे को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत एडवाइजरी जारी करने जा रही है।
एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि कोई भी असली जनगणना कर्मी कभी भी OTP, बैंक डिटेल या ऐप डाउनलोड करने के लिए नहीं कहेगा। यदि कोई ऐसा करता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
क्या रखें सावधानी?
- किसी भी अनजान कॉल पर OTP या बैंक डिटेल साझा न करें
- अज्ञात लिंक या APK फाइल डाउनलोड न करें
- सिर्फ अधिकृत जनगणना कर्मियों को ही जानकारी दें
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना 1930 हेल्पलाइन पर दें
प्रशासन का कहना है कि जनगणना में सहयोग करना जरूरी है, लेकिन इसके साथ सतर्क रहना भी उतना ही जरूरी है। एक छोटी सी लापरवाही बड़ा नुकसान कर सकती है।