Betul fire incident : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रभातपट्टन ब्लॉक अंतर्गत नरखेड़ गांव में आग ने भयानक तबाही मचाई है। आग की इस घटना में करीब 200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी फसल और भूसा जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी नुकसान को लेकर चिंता का माहौल है।
5 घंटे तक ग्रामीणों ने किया संघर्ष
जानकारी के मुताबिक, आग लगने के बाद ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाला और करीब 5 घंटे तक लगातार आग बुझाने की कोशिश करते रहे। हालांकि तेज हवा और सूखी फसल के कारण आग तेजी से फैलती गई और देखते ही देखते 200 एकड़ तक फैल गई।
ST SC Commission MP : आयोग अध्यक्षों की नियुक्तियों का दौर तेज, आज महिला एवं बाल आयोग पर फैसला संभव
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले पाया काबू
ग्रामीणों के अनुसार, जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, तब तक गांव के लोगों ने मिलकर काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। स्थानीय लोगों की तत्परता और एकजुटता से बड़ी तबाही को कुछ हद तक रोका जा सका।
बिजली के झूलते तार बने आग की वजह
ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार लंबे समय से ढीले और झूलते हुए हैं। इसी कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत वे कई वर्षों से बिजली विभाग को करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
भारी नुकसान का अनुमान
आग में किसानों की खड़ी फसल और पशुओं के लिए रखा गया भूसा पूरी तरह जल गया है। प्रारंभिक तौर पर नुकसान का आंकड़ा काफी बड़ा बताया जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा अभी आधिकारिक आकलन किया जा रहा है।
census 2026 scam alert : जनगणना के नाम पर ठगी का खतरा, प्रशासन ने दी सतर्क रहने की सलाह
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते बिजली विभाग ने ढीले तारों की मरम्मत कर दी होती, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।
इस आगजनी की घटना ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई किसानों की पूरी सीजन की फसल जल गई, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।