Raisen farmers protest : रायसेन। रायसेन जिले में शुक्रवार को किसानों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। तुलाई में देरी और स्लॉट बुकिंग व्यवस्था ठप होने से नाराज किसानों ने दो अलग-अलग जगहों पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सांची रोड स्थित ग्राम बारला के पास वेयरहाउस के बाहर किसानों ने रायसेन-विदिशा रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन खड़े कर रास्ता रोक दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों का कहना है कि उनकी उपज की समय पर तुलाई नहीं हो रही है और ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग व्यवस्था भी लगातार बाधित है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। नाराज किसानों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। प्रशासनिक समझाइश के बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और मार्ग को सामान्य कर दिया गया।
इधर औबेदुल्लागंज में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में किसानों ने भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। किसानों ने तुलाई व्यवस्था में सुधार और समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
चक्का जाम के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करते हुए जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।
Betul fire incident : नरखेड़ गांव में भीषण आग, 200 एकड़ से ज्यादा फसल और भूसा जलकर खाक