ST SC Commission MP : मध्यप्रदेश। मध्यप्रदेश में आयोग अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अनुसूचित जनजाति (ST) और अनुसूचित जाति (SC) आयोग के अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब सभी की नजर महिला एवं बाल आयोग पर टिकी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, आज ही इसके अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो सकता है।
आज जारी हो सकती है नई सूची
जानकारी के अनुसार, आज ही निगम-मंडलों की नियुक्तियों की सूची भी जारी होने की संभावना है। पार्टी और सरकार दोनों स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और किसी भी वक्त आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
अंदरखाने बैठकों का दौर तेज
पिछले कुछ दिनों से संगठन और सरकार के बीच लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि संभावित नामों की फाइनल लिस्ट तैयार कर ली गई है और इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री स्तर पर नामों को हरी झंडी मिल चुकी है, अब केवल औपचारिक घोषणा और अंतिम मुहर लगना बाकी है।
नियुक्तियों में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण साधने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि संगठन और सरकार दोनों के बीच संतुलन बना रहे।
हारे हुए नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार, 2023 विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले कुछ वरिष्ठ नेताओं को इन नियुक्तियों के जरिए जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलावा कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को भी एडजस्ट करने की रणनीति बनाई जा रही है।
अहम बैठक आज, बड़े फैसले की उम्मीद
आज आरक्षित समय में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के बीच अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें संगठन के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बड़ी नियुक्तियों से पहले पार्टी कार्यालय और सत्ता के गलियारों में हलचल तेज हो गई है। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच संभावित नामों को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं।