Betul Cyber Fraud : बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया है। पुलिस ने 9.84 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश करते हुए इंदौर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के खातों का दुरुपयोग किया, जिसमें एक मृत व्यक्ति का खाता भी शामिल था। बैंक के एक अस्थायी कर्मचारी की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा था।
मामला तब खुला जब खेड़ी सावलीगढ़ के मजदूर बिसराम इवने अपने जनधन खाते का केवाईसी कराने बैंक पहुंचे। उन्हें खाते में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन दिखे। शिकायत पर बैतूल पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि सात अलग-अलग खातों से 9 करोड़ 84 लाख 95 हजार रुपये की हेराफेरी हुई।
पुलिस ने इंदौर में दो ठिकानों पर छापा मारकर राजा उर्फ आयुष चौहान (28, बैतूल), अंकित राजपूत (32, इंदौर) और नरेंद्र सिंह राजपूत (24, इंदौर) को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 15 मोबाइल फोन (25 सिम सहित), 21 एटीएम कार्ड, 11 पासबुक, 7 चेकबुक, 2 पीओएस मशीन, 2 लैपटॉप, 1 राउटर, 28 हजार नकद और लेनदेन की डायरी जब्त की गई।
जांच में सामने आया कि गिरोह बैंक कर्मचारी की मदद से खातों की गोपनीय जानकारी हासिल करता था। दस्तावेजों में फेरबदल कर एटीएम और पासबुक जारी करवाते थे। मृत व्यक्ति का खाता भी एक्टिव कर इस्तेमाल किया गया। ठगी का पैसा इन खातों में आता और तुरंत निकाला जाता।
Pandit Pradeep Mishra fraud : पंडित प्रदीप मिश्रा ने की 36 लाख ठगी ! गुमला ट्रस्ट ने दर्ज की शिकायत
बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि टीम ने तकनीकी दक्षता से इस जटिल मामले का राज खोला। फोरेंसिक जांच जारी है। बाहरी नेटवर्क और फंडिंग की तलाश की जा रही है। जिले में साइबर मॉनिटरिंग सख्त कर दी गई है।