Harda News: हरदा। हरदा जिले में बाइक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रहटगांव थाना पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने वाले और उसे खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पिछले एक महीने के भीतर दो बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उन दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया है।
घर के बाहर से चोरी हुई थी बाइक
रहटगांव थाना प्रभारी मनोज दुबे का कहना है कि नकवाड़ा निवासी केवलराम सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 सितंबर 2025 को उनकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी। दोपहर करीब 1:15 बजे अज्ञात चोर उसे चोरी कर ले गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चेसिस नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस
इसके बाद जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने रहटगांव के शासकीय अस्पताल के पास खड़ी एक संदिग्ध बाइक की जांच की। जब बाइक के चेसिस नंबर का मिलान किया गया तो वह चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने जामसिंह उइके निवासी महेंद्रगांव (हाल निवासी कसाईखेड़ा, थाना धारणी, जिला अमरावती, महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला दूसरा बाइक चोरी का मामला
पूछताछ में जामसिंह ने बताया कि उसने यह बाइक भगवानपुर निवासी रामदास काजले से खरीदी थी। पुलिस ने रामदास को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले उसने रहटगांव बाजार से एक और बाइक चोरी कर जामसिंह को बेच दी थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।