Harda News: हरदा। हरदा जिले के हंडिया-नेमावर स्थित पवित्र नर्मदा घाट पर फैली गंदगी को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी मिली। जहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं, वहीं घाट पर फैली गंदगी और अव्यवस्था प्रशासन की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
घाट पर जगह-जगह फैला कचरा
नर्मदा घाट पर भगवान की मूर्तियों के आसपास गीले कपड़े, चुनरियां, प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य कचरा पड़ा हुआ है। कई जगह कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। इससे घाट की सुंदरता प्रभावित हो रही है और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत और जिम्मेदार विभाग नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे घाट के किनारों पर घास उग आई है और आवारा मवेशी भी खुलेआम घूमते नजर आते हैं। लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गई है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
अब श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पंचायत प्रशासन से नर्मदा घाट पर नियमित सफाई कराने, कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था करने और धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आस्था के इस प्रमुख केंद्र को साफ-सुथरा रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।