Harda Suicide Case : हरदा। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र की माधव कॉलोनी में गुरुवार को एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया था, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
युवक पेशे से ड्राइवर था
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप पिता गजराज सिंह राजपूत (36) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम सामरधा का निवासी था और माधव कॉलोनी में अपनी मां के साथ रहता था। संदीप पेशे से ड्राइविंग का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, संदीप की पत्नी बच्चों के साथ पिछले डेढ़ महीने से खंडवा जिले के ग्राम गुराड़या स्थित अपने मायके में रह रही थी। इस दौरान घर में संदीप और उसकी मां ही मौजूद थे। गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे संदीप ने घर पर सल्फॉस का सेवन कर लिया।
आत्महत्या के कारण अभी साफ नहीं
जहर खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल टिमरनी अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शाम करीब 6 बजे संदीप की मौत हो गई।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुदर्शन चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। हालांकि, प्रथम दृष्टया यह मामला जहर सेवन से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है।