Murder Case today : बैतूल। जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही अब इस हत्याकांड के सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
15 मई 2026 को ग्राम कारोपानी के पास स्थित सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राधेश्याम बट्टी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
Water Crisis : सीहोर में जल संकट गहराया, पूरी तरह सूखी सीवन नदी, 44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
पुलिस को युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला था, जिसे भारी पेड़ के तने के नीचे दबाया गया था। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजू उईके निवासी ढाकरवाड़ी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई थी।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने और शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी। जांच में सामने आया कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को जलाशय में छिपाने की कोशिश की।
शादी समारोह के बाद हुआ था लापता
पुलिस जांच में पता चला कि 13 मई को राजू उईके एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां से वह आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल पर निकला था, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटा। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
पहले गिरफ्तार हुए थे ये आरोपी
मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:
- रुपेश कवडे निवासी टुई ढाना सेल्टिया, जिला छिंदवाड़ा
- आयुष नर्रे निवासी बामला, जिला बैतूल
- तेजीलाल उईके निवासी ढाकरवाड़ी, जिला छिंदवाड़ा
- एक विधि-विरुद्ध बालक
वहीं फरार आरोपी संजय उर्फ संजू धुर्वे निवासी ढाकरवाड़ी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
लगातार तलाश और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी संजय उर्फ संजू को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
थाना बोरदेही में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है।