Cow Smuggling : बैतूल। बैतूल जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अर्जुनगोंदी रोड पर घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप वाहन को रोका, जिसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर 15 गौवंश भरे हुए थे।
जांच के दौरान पाया गया कि मवेशियों के मुंह और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। इस कार्रवाई में वाहन सहित सभी 15 गौवंश को जब्त कर लिया गया।
सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि घोड़ाडोंगरी से अर्जुनगोंदी जंगल मार्ग की ओर एक पिकअप में बड़ी संख्या में गाय-बछड़ों की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर शाहपुर थाना पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
वाहन में सवार दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान पंकज बारसे (शोभापुर, थाना रानीपुर) और लोकेश ग्वालवंशी (बांसपानी, थाना कोतवाली बैतूल) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गौशाला में एक मवेशी मृत मिला
जब्त किए गए सभी 15 गौवंश को बाकाखोदरी गौशाला भेजा गया, जहां पहुंचने पर एक मवेशी मृत पाया गया। पशु चिकित्सक को पोस्टमार्टम के लिए सूचित किया गया है। शेष मवेशियों को सुरक्षित रखा गया है।
Raisen News : रायसेन के नकतरा गांव में पानी को लेकर चक्काजाम, खाली बर्तन रखकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में शाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कैथवास, भीकम सिंह राज, आरक्षक राजेश सेन, शुभम, आदेश और प्रधान आरक्षक अनुप कहार की टीम शामिल रही।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।