Latest

Bhopal Theft : भोपाल में 7 मिनट में बड़ी चोरी, ताला तोड़कर घर से 70 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार

Bhopal

Bhopal Theft : भोपाल।  भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र स्थित राजौरा फार्म में बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर महज 7 मिनट के भीतर घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक घटना रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। राजौरा फार्म निवासी नरेंद्र सिंह, जो स्वयं एक मैगजीन का प्रकाशन करते हैं, जब रात करीब 11:30 बजे अपने घर लौटे तो उन्होंने देखा कि मेन गेट का सेंट्रल लॉक टूटा हुआ है। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से जेवर व नकदी गायब थे।

Corruption Case : भोपाल में एसीपी ने रिश्वत लेते आरक्षक को पकड़ा, 50 हजार की मांग का मामला

70 लाख के जेवर और 2 लाख नकद चोरी का दावा

पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश घर से करीब 70 लाख रुपए के जेवर और 2 लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए हैं। हालांकि पुलिस ने शुरुआती जांच में चोरी गए जेवरों की कीमत लगभग 15 लाख रुपए दर्ज की है। इसको लेकर भी जांच जारी है।

सीसीटीवी में दिखे 5 बदमाश

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पांच बदमाश दिखाई दिए हैं। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। एक बदमाश बाहर खड़ा होकर आसपास की निगरानी कर रहा था, जबकि दो बदमाश गेट के पास पहरा दे रहे थे ताकि किसी की आवाजाही होने पर तुरंत साथियों को सतर्क किया जा सके। बाकी आरोपी घर के अंदर चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश खजूरी कला बायपास की तरफ फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

fake agricultural inputs : विदिशा में नकली कृषि सामग्री पर बड़ी कार्रवाई, 22 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त और निलंबित

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

अवधपुरी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी की इस वारदात को बेहद प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दिया गया है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *