fake agricultural inputs : विदिशा। विदिशा जिले में किसानों को नकली और अमानक कृषि सामग्री से बचाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। वर्ष 2025-26 के तहत किए गए इस निरीक्षण में उर्वरक, बीज और कीटनाशक की दुकानों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानों के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और लाइसेंस की शर्तों की बारीकी से पड़ताल की, जिसमें कई जगहों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
22 विक्रेताओं पर गिरी कार्रवाई की गाज
जांच के बाद जिले के 22 कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त या निलंबित कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई ग्यारसपुर, नटेरन, विदिशा, सिरोंज, लटेरी, बासौदा और कुरवाई जैसे विकासखंडों में की गई है। विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन और अमानक कृषि सामग्री की बिक्री के मामलों में यह सख्त कदम उठाया गया है।
hospital controversy : डिलीवरी के कुछ घंटे बाद ANM की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
कई प्रमुख प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दायरे में कई प्रमुख कृषि सेवा केंद्र भी आए हैं, जिनमें किसान बाजार ग्यारसपुर, हरसिद्धि ट्रेडर्स, कृषा कृषि सेवा केंद्र गुलाबगंज, दांगी कृषि सेवा केंद्र, महादेव कृषि सेवा केंद्र, आदित्य कृषि सेवा केंद्र और बंधुश्री कृषि सेवा केंद्र शामिल हैं। इन दुकानों पर नियमों के उल्लंघन और रिकॉर्ड में गड़बड़ी जैसी शिकायतें सामने आई थीं।
किसानों के लिए विभाग की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज, खाद और कीटनाशक खरीदें और हमेशा पक्का बिल लें। साथ ही किसी भी तरह की गड़बड़ी या धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना देने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की जांच कार्रवाई जारी रहेगी।