Narmadapuram Rape Case : नर्मदापुरम। शहर के एक निजी हार्ट केयर अस्पताल में काम करने वाली महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुकेश बकोरिया और महिला एक ही अस्पताल में काम करते हैं। महिला ने शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से अपने पति से अलग रह रही है। इसी दौरान उसकी आरोपी से पहचान हुई, जो बाद में नजदीकियों में बदल गई।
शादी का भरोसा दिलाकर बनाए संबंध
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने की बात कही और इसी भरोसे पर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसके घर भी आता-जाता था और लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। लेकिन जब उसने शादी की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
शिकायत के बाद आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
शादी से इनकार के बाद महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। एसआई दीपिका लोखंडे ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।