Twisha Sharma Death Case : भोपाल। ट्विशा शर्मा डेथ केस में सीबीआई जांच के बीच मंगलवार को आरोपी पति समर्थ सिंह और पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को सीबीआई की विशेष अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सीबीआई ने इस बार दोनों की आगे की रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 16 जून तक भोपाल सेंट्रल जेल भेजने के आदेश दिए। जानकारी के अनुसार दोनों को जेल में अन्य कैदियों से अलग रखा जाएगा।
कोर्ट में हुई तीखी बहस
रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद सीबीआई ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इसी दौरान गिरिबाला सिंह ने आरोप लगाया कि ट्विशा पक्ष के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने जबलपुर कोर्ट परिसर में उनके बेटे समर्थ के साथ मारपीट की थी।
हालांकि अनुराग श्रीवास्तव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कोर्ट परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और यदि ऐसा कोई घटनाक्रम हुआ है तो फुटेज की जांच कराई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई रिकॉर्ड में सामने आ जाएगी।
आरोपों से इनकार, सबूतों का मिलान जारी
सीबीआई जांच के दौरान समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। दोनों का कहना है कि ट्विशा के साथ उनके संबंध सामान्य थे। दूसरी ओर जांच एजेंसी दोनों के बयानों का उपलब्ध सबूतों और घटनास्थल से जुटाए गए तथ्यों से मिलान कर रही है। हाल ही में पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन भी कराया गया था।
जांच में सामने आई लिगेचर बेल्ट से जुड़ी लापरवाही
जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि जिस बेल्ट के सहारे ट्विशा को फंदे पर लटका हुआ पाया गया था, उसे शुरुआती जांच के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित नहीं रखा गया। जानकारी के मुताबिक यह बेल्ट कुछ समय तक जांच अधिकारी के पास रही और बाद में फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई।
MP Monsoon Update : एमपी में मौसम का यू-टर्न, एमपी के कई जिलों में बारिश, 39°C से नीचे पहुंचा पारा
सीबीआई अब इस पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। मामले में तत्कालीन जांच अधिकारी से पूछताछ किए जाने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी नोटिस जारी किए जा सकते हैं।
आर्थिक और अन्य पहलुओं की भी जांच
जांच एजेंसियां केवल घटनास्थल और फोरेंसिक साक्ष्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ट्विशा शर्मा के पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही हैं। जानकारी के अनुसार जिस कंपनी में ट्विशा कार्यरत थीं, वहां से उन्हें कई महीनों तक नियमित वेतन नहीं मिला था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या आर्थिक दबाव, निजी परिस्थितियां या अन्य कारण इस मामले से किसी तरह जुड़े हो सकते हैं।
Raisen Weather today : रायसेन में नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश से मिली राहत
कई पहलुओं पर जारी है सीबीआई की जांच
ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर सीबीआई कई कोणों से जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों का लगातार विश्लेषण किया जा रहा है। आने वाले दिनों में जांच से जुड़े कुछ और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।