Packaged Drinking Water Raid : जबलपुर। जबलपुर में खाद्य विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिहोरा जिला कोर्ट के पीछे संचालित पैकेज ड्रिंकिंग वॉटर फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पानी के पाउच जब्त किए गए और पाउच पैक करने वाली मशीन को सील कर दिया गया। विभाग ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे को सूचना मिली थी कि सिविल कोर्ट के पास मयंक त्रिपाठी एक दो मंजिला मकान में पानी के पाउच बनाने का काम कर रहा है। बताया गया कि इस फैक्ट्री को दो महीने पहले गंदगी और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की गाइडलाइन का पालन नहीं करने के कारण बंद कराया गया था। इसके बावजूद चोरी-छिपे फैक्ट्री दोबारा संचालित की जा रही थी।
खुले आंगन में पैक हो रहा था पानी
जांच टीम जब मौके पर पहुंची तो ऊपर आरओ मशीन लगी मिली, जबकि नीचे खुले आंगन में पानी के पाउच पैक किए जा रहे थे। खाद्य विभाग के अनुसार वहां साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी। अधिकारियों ने कहा कि खुले वातावरण और हाई रिस्क परिस्थितियों में पानी के पाउच तैयार कर बाजार में बेचना गंभीर लापरवाही और अपराध है।
खाद्य विभाग ने पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए पाउच पैकिंग मशीन को सील कर दिया और बड़ी मात्रा में पानी के पाउच जब्त किए। विभाग का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रीवा से पानी पाउच के प्लास्टिक रोल मंगवाता था।
रात और छुट्टी के दिन चलती थी फैक्ट्री
अधिकारियों के मुताबिक मयंक त्रिपाठी पिछले एक साल से फैक्ट्री संचालित कर रहा था। दो महीने पहले रजिस्ट्रेशन निरस्त होने के बाद भी वह रात में या छुट्टी के दिनों में चोरी-छिपे फैक्ट्री चलाता था। कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Raisen River Mining : रायसेन की रिछन नदी में अवैध उत्खनन, प्रशासन पहुंचने से पहले फरार हुए भू-माफिया