Raisen River Mining : रायसेन। रायसेन जिला मुख्यालय की रिछन नदी में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि भू-माफिया रात के समय सक्रिय होकर कोपरा, मुरम और मिट्टी का अवैध खनन कर शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात होते ही नदी क्षेत्र में पोकलेन मशीनें, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंच जाती हैं और पूरी रात खुदाई का काम चलता रहता है।
नदी की प्राकृतिक मोड़ दी धारा
मामला शहर के वार्ड-14 राहुल नगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां भू-माफियाओं ने रिछन नदी की प्राकृतिक धारा तक मोड़ दी है।
आरोप है कि इस क्षेत्र से सैकड़ों डंपर मिट्टी और मुरम का अवैध उत्खनन कर बेचा जा चुका है। इससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने अवैध उत्खनन का वीडियो भी बनाया है, जिसमें रात के समय जेसीबी मशीन और डंपर नदी क्षेत्र में काम करते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यह अवैध गतिविधि चल रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही।
सूचना मिलते ही पहुंचा प्रशासन
अवैध उत्खनन की शिकायत मिलने के बाद लोगों ने एसडीएम मनीष शर्मा को सूचना दी। इसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। हालांकि कार्रवाई से पहले ही भू-माफियाओं को इसकी भनक लग गई और आरोपी पोकलेन मशीन, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गए। तहसीलदार भरत माण्डले ने बताया कि पटवारी और खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई खनिज विभाग द्वारा की जा रही है।