Ashoknagar news : अशोकनगर। अशोकनगर जिला अस्पताल में शुक्रवार रात आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अस्पताल के गेट पर हुए विवाद के दौरान एक कर्मचारी और पूर्व सुपरवाइजर ने मैनेजर को थप्पड़ मार दिए। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित मैनेजर ने मामले की शिकायत नई कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मचारियों का ठेका संभालने वाली कंपनी के मैनेजर राज यादव शुक्रवार रात अस्पताल परिसर में मौजूद थे। इसी बीच उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारी हरीचरण रजक को अस्पताल के अंदर जाते देखा। मैनेजर ने उसे रोककर पूछताछ की और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
108 ambulance issue : सीहोर में दम तोड़ रहीं 108 एंबुलेंस, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल
पूर्व सुपरवाइजर के साथ मिलकर की मारपीट
विवाद बढ़ने के दौरान अस्पताल का पूर्व आउटसोर्स सुपरवाइजर कारण पाल भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि हरीचरण रजक और कारण पाल ने मिलकर मैनेजर राज यादव के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारते हुए मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित मैनेजर ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चोरी की घटनाओं के बाद बढ़ाई गई थी निगरानी
मैनेजर राज यादव का कहना है कि जिला अस्पताल में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसे देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ और निगरानी के निर्देश दिए थे। इसी वजह से अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही थी।
पुराने और नए कर्मचारियों के बीच विवाद की चर्चा
अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि इस विवाद के पीछे पुराने और नए कर्मचारियों के बीच सामंजस्य की कमी भी एक वजह हो सकती है। बताया जा रहा है कि ठेका कंपनी के नए कर्मचारियों और पहले से काम कर रहे लोगों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई है।