Raisen News : रायसेन। रायसेन जिले के सागर रोड स्थित नकतरा गांव में मंगलवार सुबह पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण सड़क पर खाली बर्तन रखकर बैठ गए। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की नल-जल योजना बंद पड़ी है और हैंडपंप भी सूख चुके हैं। भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
सुबह 9 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक ग्रामीण सुबह करीब 9 बजे सागर रोड पर इकट्ठा हुए और सड़क जाम कर दी। महिलाओं ने खाली बर्तन सड़क पर रखकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना था कि कई दिनों से पानी की सप्लाई प्रभावित है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की।
इस दौरान सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।
टैंकर से पानी सप्लाई का आश्वासन
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि पंचायत रोजाना टैंकर के जरिए पानी उपलब्ध कराएगी। साथ ही पीएचई विभाग बंद पड़े बोर की सफाई कर जल्द शुरू करेगा।
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर सड़क से जाम हटाया।
कर्मचारी नहीं होने से प्रभावित हुई योजना
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की नल-जल योजना तकनीकी रूप से चालू है, लेकिन संचालन के लिए कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने से सप्लाई बाधित हो रही है। इसी कारण गांव में जल संकट गहराता जा रहा है।