Raisen News : रायसेन। रायसेन में सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह एक युवक को खतरनाक रास्ते पर ले गई। 23 वर्षीय युवक ने रेसिंग बाइक लेने की जिद में तीन दिन तक खाना नहीं खाया और आत्महत्या की धमकी तक दे डाली। बेटे की जिद के आगे पिता को कर्ज लेकर बाइक खरीदनी पड़ी।
बाइक मिलने के बाद युवक शहर की सड़कों पर खतरनाक स्टंट कर वीडियो बनाने लगा। मामला पुलिस तक पहुंचा तो युवक पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
किसान पिता ने उधार लेकर दिलाई बाइक
युवक के पिता रामस्वरूप कुशवाहा ने बताया कि वे किसान हैं और करीब ढाई एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। बेटे को मोबाइल पर स्पोर्ट्स बाइक और स्टंट वीडियो देखने का शौक था। धीरे-धीरे उसने R15 बाइक लेने की जिद पकड़ ली।
परिवार ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक नहीं माना। उसने खाना छोड़ दिया और फांसी लगाने की धमकी देने लगा।
डर के कारण परिवार ने रिश्तेदारों से उधार लेकर करीब 1.90 लाख रुपए की बाइक फाइनेंस कराई।
सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा युवक
बाइक मिलने के बाद युवक ने शहर की सड़कों और बाजारों में स्टंट करना शुरू कर दिया। वह एक पहिए पर बाइक दौड़ाकर वीडियो बनाता और सोशल मीडिया पर अपलोड करता था।
शुरुआत में वीडियो पर कम लाइक आते थे, लेकिन बाद में उसके वीडियो वायरल होने लगे और लाखों व्यूज मिलने लगे।
एसपी ऑफिस के सामने भी किए स्टंट
पुलिस के मुताबिक युवक ने रायसेन के मुख्य बाजार और एसपी कार्यालय के सामने भी खतरनाक स्टंट किए। स्थानीय लोगों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को बाइक समेत पकड़ लिया।
इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
पिता बोले- हर समय हादसे का डर रहता था
पिता ने बताया कि जब बेटा बाइक लेकर घर से निकलता था, तो हमेशा डर लगा रहता था कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। उन्होंने कहा कि बेटा किसी गलत संगत में नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया और रील्स के चक्कर में स्टंट का शौक बढ़ता गया।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंट करना न केवल खुद की बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा है। ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Vidisha News : विदिशा मुक्तिधाम में लापरवाही का मामला, नवजात का शव बाहर मिलने से मचा हड़कंप