Liquor Shop Theft : नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में शराब दुकानों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोहागपुर के बाद अब देहात थाना क्षेत्र के सांवलखेड़ा स्थित शराब दुकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
चोर दुकान के पीछे का टीन उखाड़कर अंदर घुसे और नगदी, मोबाइल फोन और शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय दुकान के अंदर चार कर्मचारी सो रहे थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
रात में टीन उखाड़कर अंदर घुसे चोर
सांवलखेड़ा शराब दुकान के मैनेजर प्रेम कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस को बताया कि रविवार-सोमवार की रात वह अपने साथियों ओमप्रकाश चंद्रवंशी, भीम कुमार यादव और प्रद्युम्न जायसवाल के साथ दुकान में ही सो रहे थे।
सुबह करीब 4:30 बजे एक कर्मचारी की नींद खुली तो उसका मोबाइल गायब मिला। इसके बाद अन्य कर्मचारियों को जगाया गया। जांच करने पर पता चला कि एक और मोबाइल फोन और कर्मचारियों के बैग भी गायब हैं।
नहर के पास मिले बैग
कर्मचारियों ने जब दुकान के बाहर तलाश शुरू की तो पीछे नहर के पास चारों बैग पड़े मिले। बैग का सामान बिखरा हुआ था और उनमें रखे 39 हजार रुपए गायब थे। जांच में सामने आया कि दुकान के पीछे लगे टीन के नट खोले गए थे। चोर इसी रास्ते से दुकान के अंदर दाखिल हुए थे।
Indore News : इंदौर में दर्दनाक हादसा, बंद कार में दम घुटने से 4 साल की मासूम की मौत
चोरी हुआ सामान
- 39 हजार रुपए नकद
- 2 मोबाइल फोन
- 5 बियर की बोतलें
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सोहागपुर में भी हुई थी ऐसी चोरी
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सोहागपुर में भी इसी तरह शराब दुकान का टीन उखाड़कर चोरी की वारदात हुई थी। वहां चोर 25 हजार रुपए और शराब की बोतलें चुरा ले गए थे। दोनों घटनाओं का तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है।